बेटे के लिये वोट मांगने निकली राजमाता

सिरौलीगौसपुर बाराबंकी(आरएनएस)।जिले की दरियाबाद विधानसभा में भाजपा एवं निर्दलीय राजा रितेश कुमार सिंह के बीच कांटे की टक्कर दिखाई पडने लगी है। यहां सपा का प्रत्याशी राजा के चक्रव्यूह में फंसता नजर आ रहा है । धनबल और बाहुबल को दरकिनार कर इस क्षेत्र की जनता राजा के वात्सल्य प्रेम से अभिभूत होकर उनके गुण गाने लगी है। अभी तक यहां सपा बसपा और भाजपा के बीच लड़ाई दिख रही थी। किंतु पूर्व मंत्री राजा राजीव कुमार सिंह के त्रयोदशी संस्कार से मुक्त पाने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार राजा रितेश कुमार सिंह जब अपने परिवार के साथ क्षेत्र में प्रचार पर निकले तो हफ्ते के अंदर ही यह लड़ाई अब उनके व भाजपा के बीच सीधी लड़ाई में तब्दील होने लगी है।

जिससे यहां सपा और बसपा के उम्मीदवार मुश्किल में फंसते नजर आ रहे हैं। राजा रितेश कुमार सिंह और उनकी मां द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे धुआंधार प्रचार से जनता में उनके प्रति सहानुभूति की लहर दौड़ने लगी है। वहीं भाजपा उम्मीदवार विधायक सतीश शर्मा के द्वारा 5 वर्षों के कार्यकाल में किए गए अभूतपूर्व कार्यों एवं उनके मृदुभाषी स्वभाव ने उन्हें सीधी लड़ाई में बनाए हुए है। यहां इन दोनों के बीच ऊंट किस करवट बैठेगा यह आने वाला समय तय करेगा। लेकिन निर्दलीय उम्मीदवार राजा रितेश कुमार सिंह को मिल रहे क्षेत्र में जन समर्थन ने उनकी स्थिति को मजबूत बना दिया है। उन्हें सभी जातियों एवं धर्मो के लोगों का प्यार मिलता दिख रहा है। पहली बार दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए उतरी राजमाता सुधा सिंह जिस गांव में जाती हैं वहां जनता उन्हें सर आंखों पर बैठा रही है।

बताते चलें क्षेत्र से छह बार विधायक रहे पूर्व मंत्री स्वर्गीय राजा राजीव कुमार सिंह के निधन के बाद पहली बार अपने पुत्र रितेश कुमार सिंह के लिए चुनाव प्रचार में मैदान में उतरी राजमाता सुधा सिंह जनता के बीच अपने पति के साथ समाजवादी पार्टी द्वारा किए गए धोखे का उल्लेख कर वोट मांग रही है। पूर्व मंत्री राजा राजीव कुमार सिंह के पौत्र 13 वर्षीय अमरेंद्र प्रताप सिंह भी किसी से कम नहीं है जो अपने पिता राजा रितेश कुमार सिंह की जीत के लिए

गांवों में पहुंचकर बड़े बुजुर्गों से आशीर्वाद मांग रहे। लोग उन्हें प्यार और सम्मान के साथ वोट देने का वादा भी कर रहे हैं। सोमवार को राजा रितेश सिंह अपने समर्थकों के साथ घाघरा की तलहटी में बसे दर्जनों गांव में डोर टू डोर भ्रमण कर अपने चुनाव निशान फुटबॉल पर वोट देने की अपील ग्रामीणों से की और कहा कि आप सब ने जो मान सम्मान हमारे पिता को दिया है उस मान सम्मान को बनाए रखने के लिए यह लड़ाई जीतना बहुत जरूरी है।

Prahri Post