दो साल मेें बन जाएंगे पाँच फ्लाई ओवर

दो साल मेें बन जाएंगे पाँच फ्लाई ओवर
इंदौर,21 फरवरी (आरएनएस)। बायपास पर ट्रैफिक जाम व दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए पाँच फ्लाई ओवर ब्रिज अब बनाना शुरु हो जाएंगे। इन सभी के लिए गत दिवस टेंडर भी जारी हो चुके हैं। ये पाँचों फ्लाई ओवर ब्रिज 2024 में बनकर तैयार हो जाएंगे जिससे सुगम ट्रैफिक उपलब्ध हो सकेगा और बायपास पर रहने वाले लोगों को इससे फायदा होगा। इन पाँचों फ्लाई ओवर का निर्माण आगामी 50 सालों के ट्रैफिक के मद्देनजर किया जाएगा। इसकी लागत 200 करोड़ रुपये होगी। प्रेस कान्फ्रेंस में सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि संभवत: यह पहला मामला है जब इंदौर में एक साथ पाँच फ्लाई ओवर बनाने के लिए टेंडर जारी हुए हैं। इसके लिए लगातार दो साल से प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में सांसद ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सामने यह मांग रखी थी।

इसके बाद पिछले साल मंत्री नितिन गडकरी ने इन पाँचों फ्लाई ओवर की घोषणा की थी और अब इन पाँचों ब्रिज के टेंडर जारी हुए हैं। बता दें कि कुछ समय पहले ही सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सांसद लालवानी को फ्लाई ओवर मैन का खिताब दिया था।  
SOURCE: NEWS AGENCY

Prahri Post