नया पश्चिमी विक्षोभ आने के चलते कई राज्यों में बारिश का अलर्ट,जानें यूपी सहित अन्य राज्यों का हाल

उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम बदलने के आसार हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे अंडमान सागर के ऊपर बना हुआ है। इसके अलावा 22 फरवरी की शाम तक पश्चिमी हिमालय के पास एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की उम्मीद है। इसके चलते इन इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

इन राज्यों में बारिश होने की संभावना

अगले 24 घंटों के दौरान अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, 22 से 24 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालय में बारिश और बर्फबारी बढ़ सकती है। वहीं 22 और 23 फरवरी को पहाड़ियों पर छिटपुट भारी बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश की संभावना है।

जानें- आज दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दिल्ली में आज (मंगलवार) से दो दिनों तक तेज हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली में आज (22 फरवरी) न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। जबकि, अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा। वहीं, उत्तराखंड की राजधानी देहरादून का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

Prahri Post