यूपी सह चुनाव प्रभारी अनुराग ठाकुर ने सपा व कांग्रेस पर बोला हमला

यूपी सह चुनाव प्रभारी अनुराग ठाकुर ने सपा व कांग्रेस पर बोला हमला
प्रियंका पर कसा तंज, सही बात नहीं कह सकती हूं!
केन्द्रीय मंत्री और प्रदेश भाजपा के सह चुनाव प्रभारी अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में एक पत्रकारवार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मैं तो यही कहूंगा कि अखिलेश के हैं चार यार- गुंडे, आतंकी, माफिया और भ्रष्टाचार। उन्होंने सवाल किया कि अखिलेश यादव की चुप्पी का कारण क्या है, यही कहूंगा अखिलेश चुप क्यों हैं ?
अनुराग ठाकुर ने पत्रकारों से कहा कि उत्तर प्रदेश का चुनाव चौथे चरण की ओर से बढ़ रहा है। पहले चरण से चौथे चरण तक हमने कई सवाल अखिलेश यादव से पूछे। हर सवाल पर अखिलेश यादव चुप रहे। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि पहली सूची समाजवादी पार्टी की बाहर आई। उम्मीदवार कम उम्मीदों पर वार करने वाले ज्यादा नजर आए।

जेल वाले, बेल वाले, सपा की सूची पर नजर आए। सवाल पूछा तो अखिलेश यादव जी चुप। उसके बाद दूसरी सूची नहीं आई। दलित परिवार की एक मां अपनी बेटी के जीवन को बचाने के लिए अखिलेश के सामने आई। अखिलेश की सरकार में सुनवाई और कार्रवाई दोनों नहीं होती थी। सवाल पूछा कि समाजवादी पार्टी के नेता ने दलित बेटी का अपहरण किया और हत्या की। अखिलेश यादव चुप। अहमदाबाद बम धमाकों का निर्णय आया, न्यायालय के फैसले पर अखिलेश यादव चुप। आतंकवादियों के तार सीधे अखिलेश यादव से जुड़े दिखे। वहीं इसी कड़ी में कांग्रेस पर प्रहार करते हुए बीजेपी नेता ने प्रियंका गांधी के एक अहम अभियान पर सवाल खड़ा किये। कहा कि प्रियंका गांधी आखिर अखिलेश और आतंकी कनेक्शन पर कोई सवाल खड़े नहीं करती। आखिरकार इन माफियाओं के साथ प्रियंका के क्या कनेक्शन हैं बताएं। लड़की हूं लड़ सकती हूं लेकिन सही बात नहीं कह सकती हूं।केन्द्रीय मंत्री ने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है, बूथ जीता, चुनाव जीतेंगे।

Prahri Post