ऐलनाबाद के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार जरूरी:

 महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सशक्त कड़ी उसके कार्यकर्ता हैं, जो शक्ति केंद्र प्रमुख, पालक एवं त्रिदेव की भूमिका में होकर जीत की कुंजी बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अंत्योदय उत्थान की योजना से आम नागरिक का सामाजिक, आर्थिक स्तर बेहतर हो रहा है और इसके बूते पर भाजपा ऐलनाबाद में बडे अंतर से कमल का फूल खिलाकर विरोधियों को धूल चटाएगी और ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएगी।

रविवार को ऐलनाबाद पालिका में प्रवास प्रभारी के नाते महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने अनाज मंडी में पालिका कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के बूते पर ही विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के तौर पर भारतीय जनता पार्टी पर स्थापित हुई है। आप जैसे जिम्मेदार व कर्मठ कार्यकर्ताओं के कारण संगठन का देश, प्रदेश में गुणात्मक विस्तार हुआ है। हमारे लिए गर्व की बात है कि हम सभी देश, समाज को मजबूत बनाने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं और यही अंतर अन्य राजनीतिक दलों पर भाजपा को श्रेष्ठ बनाती है।

उन्होंने संगठन की ताकत का जिक्र करते हुए कहा मेरी जैसी साधारण कार्यकर्ता, जिसे संगठन ने ही आगे बढाते हुए सरकार के माध्यम से आमजन की सेवा करने का अवसर दिया है। आज संगठन द्वारा मुझे चुना गया है तो कल आप में से ही किसी कार्यकर्ता को यह दायित्व मिलने वाला है। इसलिए संगठन द्वारा जो भी होमवर्क दिया जाता है, उसे गंभीरता से लें तथा उसके अनुरूप आगामी कदम उठाएं। जो कार्यकर्ता सही दिशा में काम करता है, उसे कोई न कोई आंख देख रही होती है।  

राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि ऐलनाबाद नगर पालिका चुनाव में भाजपा सबसे बेहतर स्थिति में है और कार्यकर्ताओं के जोश को देखते हुए ऐलनाबाद में कमल को फूल खिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों को गरीब, वंचित परिवारों तक लाभ पहुंचाने के लिए तथा उनके उत्थान के लिए ऐलनाबाद नगर पालिका में भाजपा की जीत सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य चौटाला, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार एवं ऐलनाबाद मंडल पालक जगदीश चोपड़ा, अमीर चंद मेहता, निताशा सिहाग, जसबीर चहल ने भी अपने विचार रखते हुए कार्यकर्ताओं का हौंसला बढ़ाया। इस मौके पर मंडल महामंत्री ब्रह्मानंद शर्मा, समिन्द्र कम्बोज, मंडल अध्यक्ष ईशा सिंगला, मनजीत धारीवाल, प्रताप सौलंकी, गौरी शंकर, रामलाल मेहता, हरमिंदर कौर, कृष्ण सैनी, वेद प्रिय गुप्ता, जय सिंह समेत वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

Rashtriya News

Prahri Post