अवैध प्रचार सामग्री लगाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने चलाया अभियान

 राजधानी को साफ-सुथरा व सुन्दर बनाये रखने व गंदगी से दूर रखने के लिए नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी ने शहर की समस्त सार्वजनिक संपत्तियों, दीवारों व फ्लाईओवर की दीवारों, डिवाइडर, विद्युत पोल तथा अन्य स्थानों पर अवैध पेंटिंग एवं चिपकाएं गये पोस्टरों को हटाये जाने के निर्देश दिये गये है।

 लखनऊ (आरएनएस)

 इसी कड़ी में नगर निगम के तहत आने वालें तमाम क्षेत्रों में प्रचार सामग्रियों को हटाये जाने के लिए प्रचार विभाग व जोनल अधिकारियों के स्तर पर टीमों का गठन कर शहर के समस्त क्षेत्रों में अवैध होर्डिग्ंस, बैनर, स्टीकर, पम्पलेट और वॉल पेन्टिंग आदि प्रचार सामग्रियाँ अभियान चलाकर हटाये जाने की कार्रवाई अमल में लायी जा रही है। उक्त अभियान में अवैध रूप से प्रचार सामग्री लगाये जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ लोक सम्पत्ति नुकसान निवारण अधिनियम-1984 के तहत विधिक कार्यवाही व एफआईआर दर्ज कराने के साथ सभी जोन और प्रचार विभाग द्वारा कुल 457 विभिन्न प्रकार की प्रचार सामग्री हटायी गयी। इस  मौके पर नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि  यह अभियान निरंतर चलाते हुए किसी भी स्थान पर प्रचार सामग्री पाये जाने तथा उसको हटाने के साथ विधिक कार्यवाही प्रतिदिन की जायेगी। जिसके क्रम में मंगलवार को जोन-04 में अवैध बैनर, पोस्टर एवं होर्डिंग लगाने वाली 58 संस्थाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी व प्रचार विभाग द्वारा बिना अनुमति प्रचार करते हुए एक वाहन चालक से 13000 रूपए का जुर्माना वसूला गया।

Rashtriya News

Prahri Post