संयुक्त परिषद के अध्यक्ष करेंगे मंडलवार ऑनलाइन समीक्षा बैठक 

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जे.एन.तिवारी ने बताया कि परिषद ने मंडलवार समीक्षा बैठक करने का निर्णय लिया है। प्रत्येक मंडल की ऑनलाइन बैठक संपन्न होगी। जिसमें संबंधित मंडल के जनपदों के अध्यक्ष, मंत्री व मंडल अध्यक्ष तथा संयुक्त परिषद से संबद्ध संगठनों के संबंधित मंडलों और जनपदों के अध्यक्ष व मंत्री प्रतिभाग करेंगे। इस समीक्षा बैठक को संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जे.एन. तिवारी सम्बोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन बैठक के माध्यम से जनपद व मंडल स्तर के कर्मचारियों के साथ सीधा संवाद होगा तथा उनकी समस्याओं का संकलन करके सक्षम स्तर पर निराकरण कराया जाएगा।

लखनऊ (आरएनएस )

 इस बारे में पहले ही मुख्य सचिव ने सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, विभागाध्यक्ष, मंडल आयुक्त तथा जिला अधिकारियों को कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक करके उनकी समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में संयुक्त परिषद के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा कर्मचारियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। जे.एन.तिवारी ने बताया कि ऑनलाइन समीक्षा बैठक में मंडल व जनपद के कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा होगी तथा उनके निराकरण के लिए जिलाधकारी, मंडलायुक्त, विभागीय प्रमुख सचिव को प्रकरण प्रेषित करते हुए निराकरण का प्रयास किया जाएगा। साथ अगर विभागीय स्तर पर समस्याओं का निराकरण नहीं होता है, तो अपर मुख्य सचिव कार्मिक व मुख्य सचिव के साथ बैठक करके समस्याओं का निस्तारण कराया जायेगा। संयुक्त परिषद की यह ऑनलाइन समीक्षा बैठक लगातार चलती रहेगी। इससे कर्मचारियों व संयुक्त परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच लगातार संवाद बना रहेगा तथा कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण भी होगा। उन्होंने कहा कि सभी मंडलों की समीक्षा बैठक पूरी हो जाने के बाद राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के केंद्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की बैठक लखनऊ में होगी। जिसमें आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। ऑनलाइन मंडलीय बैठक की शुरुआत प्रयागराज मंडल से की जाएगी तथा प्रयागराज मंडल की बैठक जुलाई के प्रथम सप्ताह में आयोजित होगी।

Rashtriya News

Prahri Post