हिन्दी, राष्ट्रीय आंदोलन एवं राष्ट्रीय चेतना की संवाहक रही: महाप्रबंधक

हमारे संविधान निर्माताओं ने 14 सितम्बर, 1949 के दिन हिन्दी को संघ की राजभाषा के रूप में अंगीकार किया था। इसे स्वीकार करने के पीछे मूल भावना यही थी कि हिन्दी सदियों से पूरे देश की सम्पर्क भाषा रही और इसने राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोया है। हिन्दी विविधता में एकता की हमारी समृद्ध विरासत की वास्तविक प्रतीक है। हिन्दी राष्ट्रीय आंदोलन एवं राष्ट्रीय चेतना की संवाहक रही है।

प्रयागराज, (आरएनएस )

यह बातें उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक प्रमोद कुमार ने हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में राजभाषा पखवाड़ा का शुभारम्भ एवं क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसरों आदि में हिन्दी के शत-प्रतिशत प्रयोग से राजभाषा हिन्दी के प्रति आम जनता में एक सकारात्मक संदेश जाता है। इसलिए स्टेशनों पर ग्राहक सेवा एवं सुविधा सम्बंधी सभी सूचनाओं, साइन बोर्डों, इलेक्ट्रॉनिक बोर्डों इत्यादि सभी मदों में यथा आवश्यक हिन्दी-अंग्रेजी द्विभाषी रूप का प्रयोग सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के प्रारम्भ में मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक शशिकांत सिंह ने कहा कि उत्तर मध्य रेलवे में राजभाषा के उद्देश्यों एवं लक्ष्यों को पूरा करने के कार्यों को एक अभियान के रूप में लिया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों की रचनात्मक एवं सहभागी भूमिकाओं को अधिकाधिक महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में 14 से 29 सितम्बर तक आयोजित किए जाने वाले राजभाषा पखवाड़ा कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। राजभाषा के उत्कृष्ट प्रयोग-प्रसार में उल्लेखनीय भूमिका निभाने के लिए शशिकांत सिंह को रेल मंत्रालय द्वारा रेल मंत्री राजभाषा रजत पदक से सम्मानित किए जाने के लिए उन्हें महाप्रबंधक सहित सभी सदस्य अधिकारियों द्वारा बधाई दी गई।
महाप्रबंधक प्रमोद कुमार द्वारा ’रेल संगम’ पत्रिका के नए अंक का विमोचन किया गया। बैठक में अपर महाप्रबंधक रंजन यादव और प्रधान कार्यालय के सभी प्रधान विभागाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। मंडलों के अपर मंडल रेल प्रबंधक, कारखानों के मुख्य कारखाना प्रबंधकों एवं अन्य सदस्य अधिकारियों ने बैठक में ऑनलाइन सहभागिता की। सभी अधिकारियों ने अपने अपने कार्यालयों में हो रही राजभाषा प्रगति से महाप्रबंधक को अवगत कराया। संचालन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी चन्द्र भूषण पाण्डेय तथा उप मुख्य राजभाषा अधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Tags : #Allahabad #हिन्दीदिवस #राष्ट्रीयचेतना #rajbhashaPakhwada #hindinews #PatrikaRailsangam

Rashtriya News

Prahri Post